गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पवन सिंह को बीजेपी ने पार्टी से निष्कासित किया

कहा- एनडीए प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, इससे पार्टी की छवि खराब हुई
पटना।
भोजपुरी एक्टर और काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार पवन सिंह को बीजेपी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बीजेपी की ओर से लेटर जारी किया गया है। इसमें लिखा है कि आप लोकसभा चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
आपका यह काम दल विरोधी है। जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। पार्टी अनुशासन के खिलाफ जाकर आपने ये काम किया है। आपको दल विरोधी इस कार्य के लिए माननीय प्रदेश अध्यक्ष जी के आदेशानुसार पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
काराकाट से एनडीए के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं। इस वजह से वोटर्स के बीच संशय बना हुआ था। लोगों के बीच लगातार यह मैसेज जा रहा था कि पवन सिंह पार्टी में रहने के बावजूद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें पार्टी का भी साथ है। बता दें कि काराकाट में 1 जून को वोटिंग होनी है।
पवन सिंह को बीजेपी से बाहर का रास्ता दिखाए जाने पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बीजेपी का कोई सदस्य पार्टी के खिलाफ ही कोई चुनाव लड़ता तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी ही। उन्होंने कहा कि पवन सिंह पार्टी के खिलाफ काम कर रहे थे, इसलिए पार्टी ने फैसला लिया।
पवन सिंह भले ही निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में काराकाट लोकसभा से नामांकन किया है, लेकिन उन्होंने अब तक बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता नहीं छोड़ी थी।
बीजेपी ने आसनसोल से दिया था टिकट
बता दें कि पवन सिंह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लोकसभा प्रत्याशी बनाया था। पहले तो पवन सिंह ने इसके लिए बीजेपी को धन्यवाद दिया। बाद में चुनाव नहीं लड़ने की बात कहकर सभी को चौंका दिया। भाजपा की 16 राज्यों के 195 प्रत्याशियों के नाम की लिस्ट में उनका भी नाम था, लेकिन पवन सिंह आसनसोल से लड़ने से इनकार कर दिया था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा था, ‘आसनसोल से उम्मीदवार बनाने के लिए बीजेपी आलाकमान का धन्यवाद। लेकिन, यहां से चुनाव लड़ने में असमर्थ हूं।
इसके बाद भाजपा ने यहां से एसएस आहलूवालिया को उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा था कि पवन सिंह आरा से लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *