हिसार : हरियाणा में में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला करते हुये कहा कि यह सरकार विकास के नाम पर घोटालों की सरकार है।
सुश्री सैलजा ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में पिछले 10 सालों में हरियाणा में एक के बाद एक घोटाले होते रहे पर कार्रवाई किसी में भी नहीं हुई, लेकिन कांग्रेस की सरकार आने के बाद पाई-पाई का हिसाब होगा और घोटालों में संलिप्त नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार में घोटालों के सिवाय कुछ नहीं हुआ, 10 साल में सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि कभी करनाल, फरीदाबाद और गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर तो कभी विकास कार्यों के नाम प्रदेश में घोटाले होते रहे हैं। जिन शहरों पर विकास के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपये कागजों में खर्च किये गये हैं, उन शहरों की स्थिति कचरे से बदतर हो चुकी है। अगर विकास के नाम पर कुछ राशि खर्च होती, तो कहीं तो दिखाई पड़ती। इसी प्रकार प्रदेश में 47 पेपर नौकरियों के लीक हुये। बिना भ्रष्टाचार के ऐसा होना संभव नहीं था। अगर नौकरियों में भ्रष्टाचार न होता तो एक के बाद एक पेपर लीक न होता और उसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होती। भाजपा ने नौकरियों बेच कर प्रदेश के युवा वर्ग के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सुश्री सैलजा ने कहा अब एक अक्टूबर को प्रदेश की जनता कांग्रेस को एक नयी उम्मीद के साथ वोट देगी और कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के साथ सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि अब सत्ता और व्यवस्था दोनों में बदलाव तय है। इसीलिये संघर्ष का रास्ता अपनाया है। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोगों की उम्मीदों को हकीकत में बदलने के लिये जो संघर्ष शुरू किया है, उसी रास्ते पर चलते हुये हम हरियाणा में भाजपा को सत्ता से बाहर करके कांग्रेस की सरकार बनायेंगे।
विकास के नाम पर घोटालों की सरकार भाजपा
