सीहोर : केन्द्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि जन आशीर्वादा यात्रा को मिल रहा समर्थन इस बात का प्रमाण है कि आने वाले चुनाव में भाजपा मध्यप्रदेश में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनायेगी।
तोमर ने यह बात जन आशीर्वाद यात्रा के अंतर्गत बुधनी में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। नीमच से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा आज बुधनी विधानसभा पहुंची।
बुधनी में हुए रोड शो में तोमर, प्रदेश शासन के मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह, कार्तिकेय सिंह चौहान रथ पर सवार थे। जगह जगह यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत हुआ। सैकड़ों की संख्या में युवा दो पहिया वाहनों पर सवार होकर भारत माता की जय के उदघोष के साथ चल रहे थे। ग्राम पांडाडोर में यात्रा का जगह जगह उत्सवी माहौल था। तोमर ने कहा कि 230 विधानसभा में कोई एक विधानसभा ऐसी होती है जिसका नेता मुख्यमंत्री बन पाता है।
बुधनी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रूप में ऐसा नेता दिया जिन्होंने भाजपा की सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में मध्यप्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है। उन्होंने जनता से कहा कि आप लंबे समय तक भाजपा को जिताते आए हैं। इस चुनाव में आप श्री चौहान को जिताओंगे ही लेकिन पूरे मध्यप्रदेश में भाजपा जीते और बुधनी के साथ सभी 230 विधानसभाओं में कमल खिले, इस बात का संकल्प लेकर काम करना है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री चौहान ने गांव, गरीब और किसान की चिंता की है। किसानी के मामले में पहले हरियाणा का नाम आता था, मगर आज चौहान के प्रयासों से मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में सिरमौर राज्य बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सारी दुनिया में भारत की साख बढी है। देश और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार से विकास की गति बढ़ेगी, इसलिए हमें फिर भाजपा की सरकार केन्द्र और राज्य में बनानी है।
तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नई संसद मात्र 22 महीने में बना दी और पहला सत्र भी हो चुका है। पहले सत्र में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने पर मोहर लगी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्थानीय निकायों में बहनों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया था। अब प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। इससे बहनों का सशक्तिकरण होगा। देश की राजनीति के आयाम बदलेंगे और निर्णय प्रक्रिया में बहनों की भागीदारी बढेगी।
सभा को कार्तिकेय सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। मंच पर प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह दत्तीगांव, यात्रा प्रभारी बंशीलाल गुर्जर, सह प्रभारी तेज बहादुर सिंह चौहान, सांसद रमाकांत भार्गव, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, रज्जू भैया, रघुनाथ सिंह भाटी मंचासीन थे।
