गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चुनावों के लिए भाजपा ने ओडिशा में किया चुनाव प्रचार तेज

भुवनेश्वर : ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में अपना चुनाव अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में विदेश मंत्री एस. जयशंकर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए शनिवार को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। वह आज शाम को भुवनेश्वर में एक बौद्धिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और रविवार को कटक में पार्टी की बैठक में भाग लेंगे। इसके साथ ही उनके रविवार को पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर में एक अन्य बौद्धिक सम्मेलन को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा भी रविवार को राज्य में चुनावी रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए भुवनेश्वर और कटक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए पहुंच रहे हैं। सभी की निगाहें वैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिकी हैं, जो छह मई को बरहामपुर और नबरंगपुर में दो सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि बरहामपुर और नबरंगपुर दोनों लोकसभा सीटों के साथ-साथ कालाहांडी और कोरापुट लोकसभा सीटों पर 13 मई को मतदान होगा। इन चार संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत 28 विधानसभा सीटे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 25 अप्रैल को ओडिशा में भाजपा के चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी और इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नवीन पटनायक सरकार पर तीखा हमला किया था।
पार्टी के गढ़ माने जाने वाले पश्चिमी ओडिशा के सोनपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने लोगों से राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने और ओडिशा को देश का नंबर एक राज्य बनाने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए लोगों से राज्य से नवीन पटनायक सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की थी। उन्होंने कहा, “आपने श्री पटनायक को 25 साल तक सत्ता सौंपी और अब भाजपा को पांच साल दीजिए। जिस तरह से अन्य राज्यों में डबल इंजन की सरकार द्वारा विकास के कार्य किये जा रहे हैं। उसी तरह से हम ओडिशा के विकास को आगे बढ़ाएंगे। ”
भाजपा ने नवीन पटनायक सरकार के 24 साल के शासन का मुकाबला करने के लिए ओडिया गौरव, ओडिशा के भविष्य और भ्रष्टाचार को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाने का फैसला किया है। ओडिशा सरकार पर पार्टी का आरोप है कि इसे नौकरशाहों के एक समूह द्वारा चलाया जा रहा है। इस बीच, बीजू जनता दल (बीजद) सुप्रीमो नवीन पटनायक ने भी शनिवार को कोरापुट में अपनी पार्टी का चुनाव अभियान शुरू किया और राज्य के विकास पर घड़ियाली आंसू बहाने के लिए विपक्ष पर निशाना साधा। विपक्ष पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए श्री पटनायक ने लोगों का आशीर्वाद मांगा और उनसे लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों के लिए पार्टी के प्रतीक शंख के लिए वोट करने को कहा। बीजद सुप्रीमो ने लोगों से अपील की है कि वे भाजपा द्वारा समर्थित डबल इंजन सरकार का मुकाबला करने के लिए डबल शंखनाद (एक लोकसभा के लिए और दूसरा विधानसभा के लिए) के लिए वोट करें। ओडिशा में 13, 20, 25 मई और एक जून को लोकसभा और विधानसभा दोनों के लिए मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *