मुरैना : भजनलाल शर्मा ने आज कहा कि देश में वंशवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद सहित अन्य विचारधाराओं को लेकर चलने वाले तमाम राजनैतिक दल है, लेकिन राष्ट्रवाद के विचार को लेकर संस्कृति के लिए काम करने वाली एक मात्र पार्टी भाजपा ही है।
शर्मा यहां एक समाज के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बतौर कार्यकर्ता हमारा काम करना राष्ट्र के लिए काम करना है। यह हमारा सौभाग्य है कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता साल के 365 दिन 24 घंटे बिना कोई छुट्टी लिए राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कुछ राष्ट्रवादी लोगों ने जनसंघ के रूप में राजनैतिक दल की स्थापना की थी। आज वही संगठन भारतीय जनता पार्टी के रूप में दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बन गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता व्यक्ति के लिए नहीं विचारों के साथ राष्ट्र के लिए काम करता है। कार्यकर्ताओं में संगठन के कार्यों के प्रति जोश भरते हुए श्री शर्मा ने कहा कि बतौर कार्यकर्ता हमें जो दायित्व मिलता है, उसे परिणाम तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पॉजीटिव सोच के साथ लगातार आगे बढ़ते रहने की बात कही।
शर्मा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पर संगठन के कैमरे की नजर रहती है। कार्यकर्ताओं को उनका काम और समर्पण ही संगठन में ऊंचे मुकाम पर पहुंचाने में सहभागी होता है। उन्होंंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और सहयोगी बनने की बात भी की। इस अवसर पर मप्र शासन के कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि केन्द्र में तीसरी बार नरेन्द्र मोदी सरकार बनाने के लिए मुरैना की जनता पूर्ण रूप से आहुति देगी। वहीं प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान विदेशों में बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव-2024 में फिर से भाजपा सरकार बनाने के लिए प्राणपण से जुट जाने का आव्हान किया।
भाजपा राष्ट्रवाद को लेकर चलने वाली पार्टी
