गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

धर्म के नाम पर गुमराह करती है भाजपा

लखनऊ : अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करती है। यादव ने एक न्यूज चैनल को दिये गये इंटरव्यू में दावा किया कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ जनता के मुद्दों और विकास के लक्ष्य के साथ एकजुटता से भाजपा का मुकाबला करेगा और उसे हराएगा। उन्होने कहा कि भाजपा ने जनता से सिर्फ झूठे वादे किये है। इस सरकार ने आम जनता को सिर्फ समस्यायें और दुश्वारियां ही दी है। उत्तर प्रदेश में बिजली का एक भी कारखाना नहीं लगाया। प्रदेश में बिजली संकट है।

आज प्रदेश को जो बिजली मिल रही है वह समाजवादी सरकार के दौरान बनाये गये पावर प्लांटों से मिल रही है। भाजपा सरकार ने जनता से झूठे वादे किये। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई, बेरोजगारी कम नहीं हुई। महंगाई का विरोध करने पर यह सरकार दुकानदारों को जेल भेज देती है। प्रधानमंत्री के लोकसभा क्षेत्र में टमाटर की महंगाई पर आवाज उठाने वाले दुकानदार और उसके बेटे को इस सरकार ने जेल भेज दिया था।
यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को खत्म कर रही है। इस सरकार ने किसानों के लिए एक भी मंडी नहीं बनाई। इंवेस्टमेंट के नाम पर केवल इवेन्ट हुआ है। सरकार कह रही है कि 33 लाख करोड़ का एमओयू हुआ है। बड़े-बड़े सपने दिखा रही है लेकिन कोई भी निवेश जमीन पर नहीं उतरा है। गांव-गांव में बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगार हैं। आखिरकार भाजपा जनता को कब तक गुमराह करेगी।
अयोध्या में राम मन्दिर के सवाल पर श्री यादव ने कहा कि मन्दिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बन रहा है। मन्दिर सबका है। अयोध्या सबकी है केवल भाजपा की नहीं। हम लोग भी पूजा करते है लेकिन उसका दिखावा नहीं करते हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते है। उन्होने कहा कि मणिपुर में महिलाओं और बेटियों के साथ बेहद शर्मनाक घटनाएं हुई है। भाजपा ने महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा नहीं दी। महिलाएं भी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए वोट डालेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *