गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली में जल संकट के लिए भाजपा, मोदी और उपराज्यपाल जिम्मेदार

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में जल संकट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराज्यपाल वीके सक्सेना को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि बार-बार अनुरोध के बाद भी हरियाणा ने दिल्ली के हक का पानी नहीं दिया।
‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को कहा,“ दिल्ली का जल संकट भाजपा द्वारा प्रायोजित है। हमारे बार-बार अनुरोध और प्रयास के बावजूद हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली के हक का पानी नहीं दे रही है। वह दिल्ली के पीने का पानी रोक रही है। इस भीषण गर्मी में दिल्ली के लोगों के पीने का पानी रोकना कितना बड़ा पाप है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह देश के प्रधान सेवक हैं और उनका मकसद पूरे देश की सेवा करना है लेकिन वह यह तो बताएं कि दिल्ली के लोगों का क्या गुनाह है?”
श्री सिंह ने कहा,“ जैसे ही चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आए और भाजपा दिल्ली की सातों सीटें जीत गई, उसके बाद सबसे पहले दिल्ली के लोगों का पानी बंद कर दिया। यह बहुत ही शर्मनाक बात है कि प्रधानमंत्री की नाक के नीचे देश की राजधानी दिल्ली के लोगों को उनके हक का पानी नहीं दिया जा रहा है। सौ एमजीडी पानी से दिल्ली के 28 लाख लोगों की पानी की समस्या दूर हो सकती है, लेकिन हरियाणा की भाजपा सरकार यह पानी नहीं दे रही है। भाजपा के लोग मटके फोड़ रहे हैं, कर्मचारियों से मारपीट और ऑफिस में तोड़-फोड़ कर रहे हैं। यह भाजपाई कहीं भी आपको इस पानी के संकट को दूर करने में दिल्ली सरकार को सहयोग करते नजर नहीं आते हैं बल्कि पानी की पाइप लाइन तोड़ने में लगे हुए हैं।”
श्री सिंह ने कहा कि दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली के लोगों के लिए लगातार प्रयास किया। उन्होंने दिल्ली के लोगों की पानी की समस्या दूर करने के लिए हर जगह मदद मांगी और गुहार लगाई लेकिन भाजपा के लोगों ने उनकी कोई बात नहीं सुनी। इस संकट के लिए भाजपा, उपराज्यपाल, हरियाणा सरकार और प्रधानमंत्री जिम्मेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *