गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लोकसभा चुनाव में होगी भाजपा की हैट्रिक

कोलकाता : शुभेंदु अधिकारी ने आगामी लोकसभा चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का विश्वास जताते हुए गुरुवार को कहा कि तीसरी मोदी सरकार के केंद्रीय वित्त मंत्री लोकसभा चुनाव के बाद वित्त वर्ष 2024-2025 के लिए व्यापक बजट संसद के पटल पर पेश करेंगे। अधिकारी ने एक्स पर अपने पाेस्ट में कहा, “मुझे शत प्रतिशत यकीन है कि लोकसभा चुनाव के बाद तीसरी मोदी सरकार के माननीय वित्त मंत्री वित्त वर्ष 2024-2025 के लिए संसद के पटल पर व्यापक बजट पेश करेंगे।’’
उन्होंने कहा, “इस बीच, मैं अंतरिम बजट पेश करने के लिए माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं, जो निश्चित रूप से दर्शाता है कि केंद्र सरकार 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अथक प्रयास कर रही है।”
भाजपा विधायक ने कहा, “चूंकि बजट मुख्य रूप से भारत की चार प्रमुख जातियों के विकास पर केंद्रित है, गरीब या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, युवा शक्ति या युवा, अन्नदाता या किसान और नारी शक्ति या महिला, यह कहा जा सकता है कि बजट में सभी क्षेत्राें का असाधारण रूप से ध्यान रखा गया है।”
अधिकारी ने कहा, “बजट के कुछ प्रमुख बिंदु: बजट ने भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए पूंजीगत व्यय लक्ष्य को 11.1 प्रतिशत बढ़ाकर 11.11 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। पिछले 10 वर्षों में, कर संग्रह दोगुना से अधिक हो गया है जो संकेत देता है कि भारतीयों की आय में काफी वृद्धि हुई है। चालीस हजार रेल कोचों को ‘वंदे भारत’ मानक के तहत अपग्रेड किया जाएगा।

प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत तीन नये प्रमुख रेलवे आर्थिक गलियारों – ए) ऊर्जा, खनिज और सीमेंट गलियारा, बी) पोर्ट कनेक्टिविटी गलियारा और ग) उच्च यातायात घनत्व गलियारा का शुभारंभ किया जायेगा। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए, लक्षद्वीप सहित भारतीय द्वीपों पर बंदरगाह कनेक्टिविटी, पर्यटन बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के लिए परियोजनाएं शुरू की जायेंगी। सरकार मध्यम वर्ग को अपना घर खरीदने और बनाने में मदद करने के लिए एक योजना शुरू करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *