गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा समान नागरिक संहिता लागू करेगी

सहारनपुर : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंगलवार को सहारनपुर के नकुड़ कस्बे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल के कामकाज की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार देश में समान नागरिक संहिता लागू कराने के लिए प्रयत्नशील है।
सिंह अपने काफिले के साथ दोपहर करीब एक बजे नकुड़ कस्बे में टाबर रोड़ पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया, धारा 33 को निरस्त किया, राममंदिर का निर्माण किया जा रहा है और अब हम देश में समान नागरिक कानून लागू करने अग्रसर हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में बड़े-बड़े घोटाले होते थे। कांवड़ यात्रा पर पथराव होते थे, लेकिन जब से उनकी पार्टी की सरकार बनी है कांवड़ियां पर पुष्प वर्षा होती है। कई वंदे भारत ट्रेन चलाई गईं है। भारत आज विश्व में पांचवीं बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। देश में 40 किलोमीटर प्रतिदिन के हिसाब से हाईवे का निर्माण हो रहा है। पहले पांच शहरों में मेट्रो थी अब 15 शहरों में मेट्रो है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार में कैराना से बदमाशों और माफियाओं का पलायन हुआ है। पहले डरी-सहमी जनता पलायन करने को मजबूर हुआ करती थी अब बदमाश और माफिया पलायन कर रहे हें।
सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर सफल हुई है और उसने अपने सभी किए गए वायदों को पूरा कर दिखाया है जैसे सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, निशुल्क खाद्यान्न आपूर्ति आदि बुनियादी जरूरतों पर सरकार का शानदार कामकाज रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार भी देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को जिताने की अपील की।
सभा की अध्यक्षता शामली भाजपा के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र तोमर ने की। भाजपा उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, क्षेत्रीय विधायक मुकेश चौधरी, स्थानीय सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक चौधरी कीरत सिंह, एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, बृजेश सिंह, बाबू हुकुम सिंह की पुत्री मृगांका चौधरी आदि नेता सभा में उपस्थित रहे।
कैराना संसदीय सीट के तहत हुई इस सभा की खास बात यह है कि 2014 और 2019 दोनों लोकसभा चुनाव में यह लोकसभा सीट भाजपा ने ही जीती है। बीच में बाबू हुकुम सिंह के देहांत के बाद हुए उपचुनाव में सपा समर्थित रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन थोड़े समय के लिए सांसद रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *