गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राहुल के शक्ति वाले बयान को चुनावी मुद्दा बनाएगी भाजपा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के “शक्ति” वाले बयान पर निशाना साधते हुए आज कहा कि वह इसे चुनाव में एक जबरदस्त मुद्दा बनाएगी और कांग्रेस को जवाब देना होगा कि वह बार बार हिन्दू आस्था, चिंतन एवं संस्कृति का अपमान क्यों करती है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में श्री गांधी पर यह हमला किया। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी हिन्दू आस्था, चिंतन, संस्कार, संस्कृति का अपमान करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी अब महात्मा गांधी की प्रेरणा से चलने वाली पार्टी नहीं रही है। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस अब माओवादी, विभाजनकारी, और अलगाववादी विचार लेकर चलती है।”
प्रसाद ने कहा कि श्री राहुल गांधी ऐसे तत्वों के प्रभाव में हैं। उन्होंने कहा है -“हिन्दू धर्म में शक्ति का शब्द है। हम शक्ति से लड़ रहे हैं।” उन्होंने सवाल किया कि श्री गांधी आखिर शक्ति को क्या समझते हैं। हिन्दू धर्म में देवियों को शक्ति के रूप में पूजा जाता है।
भाजपा नेता ने कहा, “हम इस सोच की भर्त्सना करते हैं। हम इसे चुनाव में जबरदस्त मुद्दा बनाएंगे। कांग्रेस को देश को जवाब देना होगा। क्या श्री राहुल गांधी किसी अन्य धर्म के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर सकते हैं?”
उन्होंने कहा कि हिंदू आस्था का अपमान करना कांग्रेस और उसके सहयोगियों का दूसरा स्वभाव बन गया है। आप सुविधा के लिए चुनावी हिन्दू बन जाते है। लेकिन हकीकत में कांग्रेस माओवादी विचारधारा के लोगों के प्रभाव में है जिनकी फितरत बार बार हिन्दू आस्था का अपमान करना है।
श्री प्रसाद ने कहा कि श्री गांधी ने इस बयान पर अफसोस जाहिर करने की बजाए सफाई दी है कि वह जिस शक्ति का उल्लेख कर रहे थे, उसका मुखौटा मोदी हैं और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), सीबीआई (केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो) वो शक्ति है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी को पता चल गया है कि उनकी चुनाव में हार होने वाली है तो वह हार का बहाना ढूंढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *