गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सभी छह सीटें भाजपा करेगी हासिल, कांग्रेस में दम ही नहीं

खंडवा : लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के तहत मध्यप्रदेश की छह संसदीय सीटों पर हुए मतदान के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी छह सीटों पर जीत हासिल करने जा रही है और कांग्रेस में दम ही नहीं बचा है।
पार्टी प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में यहां रोड शो करने के दौरान डॉ यादव ने संवाददाताओं से कहा कि खंडवा का जनसैलाब बता रहा है कि जनता दिल खोलकर स्वागत कर रही है। एक बार फिर भाजपा सरकार।
उन्होंने कहा कि निमाड़ की भीषण गर्मी में दोपहर एक बजे के समय के दौरान सड़कों पर जनता का उमड़ना बता रहा है कि जनता का भाजपा से कितना लगाव है। कहीं कोई कठिनाई नहीं है। जनता ने बढ़ चढ़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में वोट दिया है। पहले चरण में हम निश्चित रूप से सभी 6 लोकसभा सीटें जीत रहे हैं। देश की 102 सीटों पर भी रिकॉर्ड बनेगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का माहौल चल रहा है, आने वाले समय में भाजपा अपने उद्देश्य की प्राप्ति करेगी। देश में ऐतिहासिक बहुमत की सरकार बनेगी।
भाजपा द्वारा 200 सीट से अधिक न जीतने के कांग्रेस के दावे पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस में दम ही नहीं है। पार्टी ने सभी सीटों पर प्रत्याशी खड़े ही नहीं किए हैं, उसी से पता चल रहा है कि विपक्ष की हालत बहुत खराब है। उम्मीद है कि इससे सबक लेकर कांग्रेस अगले चुनाव में कुछ करेगी।
इसके पहले यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित भी किया। अपने संबोधन में डॉ यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प किया है चाहे आंधी आए, तूफान आए, बारिश आए या सूर्य देवता आंख मिलाकर हमारी परीक्षा लें निश्चित रूप से कमल खिल कर रहेगा। कमल खिलने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती। कांग्रेस को केवल कुर्सी और सत्ता चाहिए, जिसके कारण वह पता नहीं क्या-क्या बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक बाबू उत्तरप्रदेश में हार के भागे और केरल में जाकर अटके हैं। अबकी बार हारेंगे तो आगे समुद्र है। जगह भी नहीं है चुनाव लड़ने के लिए आगे कहां जाएंगे।
राहुल गांधी पर हमलावर होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कह रहे हैं देश के अंदर अलग-अलग भाषा और संस्कृति है इसलिए देश की कल्पना भी अलग-अलग होगी। आप इस देश के अंदर ये क्या कह रहे हो। अगर आप देश के अंदर अलग-अलग देश देखने का पाप करोगे जो आपके पुरखों ने किया, अंग्रेज भी वह नहीं कर पाए जो कांग्रेस ने किया।

अंग्रेजों के समय में भी हमारा भारत एक था, लेकिन दुर्भाग्य से हमारा बंटवारा हुआ। देश का खंडित हिस्सा कांग्रेस के कारण मिला। देश को खंडित करने का पाप कांग्रेस के माथे पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता, गंगा और गौ माता से सनातन धर्म की हजारों साल से पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *