गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ता पर हमला

बेंगलुरु : कर्नाटक में बेंगलुरु ग्रामीण संसदीय क्षेत्र के केम्पाशेट्टीडोड्डी गांव में गुरुवार को कथित तौर पर लाठी से हमला किये जाने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता सीएस नवीन के सिर में गंभीर चोट लग गयी।
पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार से मिली जानकारी के आधार पर लगता है कि यह हमला नवीन और शेखर नामक एक परिचित के बीच संभवतः वित्तीय विवाद से उपजा है। झगड़ा तब बढ़ गया जब कथित तौर पर शेखर और उसके साथी ने नवीन पर लाठी से हमला कर दिया।
पीड़ित को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “बिदादी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 324 (खतरनाक हथियार या साधनों से जानबूझकर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।”
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, कांग्रेस नेतृत्व, विशेष रूप से उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उनके भाई डीके सुरेश, जो बेंगलुरु ग्रामीण से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, की आलोचना की। उन्होंने उन पर जिले में प्रभाव का गलत इस्तेमाल करने और भाजपा कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं के खिलाफ हिंसा को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
श्री येदियुरप्पा ने चुनाव आयोग और कानून प्रवर्तन अधिकारियों से कथित अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने, निष्पक्ष जांच करने और मतदाताओं की सुरक्षा तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *