अजमेर : राजस्थान के अजमेर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शहर ईकाई की ओर से शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में संदेशखाली कांड का विरोध करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का पुतला फूंका गया।
जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर दोपहर तीन बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष रमेश सोनी के नेतृत्व में पहले प्रदर्शन किया और फिर विरोधस्वरूप बंगाल सरकार का पूतला फूंक कर अमानवीय घटना की कड़े शब्दों में निंदा भी की।
सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि बड़ी संख्या में संदेशखाली की महिलाएं पिछले कुछ दिनों से ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन सुश्री ममता की पार्टी के नेता शेख शाहजहां ने उनका यौन उत्पीड़न किया और फिर जबरन जमीनों पर कब्जा कर लिया।
उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं के समर्थन में भाजपा ने सड़क पर उतरकर ममता सरकार का पुतला जलाया है । सांसद चौधरी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है, वहां महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और रविंद्र नाथ टैगोर जैसी विभूतियों की जन्मभूमि पश्चिम बंगाल में आज महिलाओं के साथ जघंन्य अपराध एवं कुकृत्य हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल की संदेशखाली में महिलाओं के साथ अमानवीय अत्याचार की घटना बेहद दहलाने वाली है। पूतला फूंकने के अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाडा,जिला महामंत्री वेदप्रकाश दाधीच, जीतमल प्रजापत, उपमहापौर नीरज जैन,वनिता जैमन ,राजेंद्र रावत,विक्रम सिंह आदि उपस्थित थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने ममता का पुतला फूंका
