गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा का ‘बूथ विजय अभियान’ आज से

10 दिन तक बूथ पर समय बिताएंगे दिग्गज नेता

भोपाल : आगामी लोकसभा चुनाव के पहले भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए आज से बूथ विजय अभियान चलाएगी, जिसके तहत पार्टी के दिग्गज नेताओं समेत सभी सक्रिय कार्यकर्ता 10 दिनों में बूथों पर पहुंचकर दो घंटे बिताएंगे।
अभियान के तहत पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लाेकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा आज इसके तहत भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा के बूथ क्रमांक 216 पर समय बिताएंगे।
श्री शर्मा ने इस बारे में संवाददाताओं को बताया कि ये अभियान 13 मार्च से शुरू होकर 22 मार्च तक चलेगा। इस बार पार्टी नेतृत्व ने पिछले चुनाव के मुकाबले 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। पार्टी के सभी 41 लाख सक्रिय कार्यकर्ता मुख्यमंत्री, मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अभियान के दस दिनों में बूथों पर पहुंचकर दो घंटे बिताएंगे तथा हर बूथ को ’मोदी बूथ’ बनाते हुए पार्टी का वोट शेयर 10 प्रतिशत बढ़ाने तथा 370 नए वोट हासिल करने की तैयारी करेंगे।
उन्होंने कहा कि बूथ विजय अभियान के दौरान पार्टी के सभी कार्यकर्ता और सभी सातों मोर्चे बूथों पर पहुंचेंगे। सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां और लक्ष्य दिए गए हैं। अभियान के 10 दिनों में सभी कार्यकर्ता इन कामों को पूरा करते हुए 370 प्लस के लक्ष्य को हासिल करने की तैयारी करेंगे।
श्री शर्मा ने बूथों पर किए जाने वाले कुछ प्रमुख कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में 18-19 साल की आयु के 16 लाख मतदाता हैं। प्रत्येक बूथ पर इन मतदाताओं से संपर्क और संवाद किया जाएगा। वहां के प्रबुद्धजन, की वोटर्स और सभी समाजों, वर्गों के प्रमुख लोगों से भी संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, युवा, महिला, खिलाड़ी, शासकीय योजनाओं के लाभार्थी सहित अन्य सभी वर्गों से छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से संपर्क किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *