भोपाल : नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश में 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान की आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुरुआत की। चौहान ने भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के गांधी नगर मंडल और शर्मा ने भोपाल उत्तर विधानसभा के रानी कमलापति मंडल से इस अभियान की शुरुआत की। दोनों नेताओं ने आमजन को केन्द्र सरकार की नौ साल की जनहितैषी योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही पत्रकों का वितरण कर योजनाओं की जानकारी दी।
चौहान ने कहा कि पार्टी का प्रदेश में महा जनसंपर्क अभियान शुरू हुआ है, जिसके तहत घर-घर जनसंपर्क कर सरकार की योजनाओं के बारे में आमजन को बताया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के 9 साल बेमिसाल हैं। नौ साल में देश-प्रदेश बदल रहा है। ये साल लोगों का भाग्य बदलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के मूल मंत्र के साथ हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
कांग्रेस द्वारा गीता प्रेस को मिले सम्मान को लेकर किए जा रहे विरोध पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता प्रेस को मिल रहे सम्मान का विरोध करने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी धार्मिक साहित्य का अध्ययन गीता प्रेस से प्रकाशित पुस्तकों को पढ़कर ही किया है। गीता प्रेस से प्रकाशित गीता और अन्य धार्मिक पुस्तकों ने देश में आध्यात्म को बढ़ाया है।
वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन एवं गरीब कल्याण की योजनाओं से प्रत्येक घर में कार्य हुए हैं, केंद्र सरकार ने गरीबों का जीवन बदलने का अभियान लिया है। जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही पार्टी की ताकत हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश के प्रत्येक घर में जनसंपर्क किया जाएगा।
भाजपा के घर-घर जनसंपर्क महाभियान की शुरूआत
