गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा का चुनाव प्रचार तेज

अगरतला : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने त्रिपुरा में मंगलवार को अलग अलग रैलियों और रोड शो के जरिए राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार अभियान का नेतृत्व किया।
सिंह ने दो रैलियों को संबोधित किया जबकि आदित्यनाथ ने तीन रैलियों और शहर में एक रोड शो किया। वहीं श्री सरमा ने चार और अधिकारी ने तीन चुनावी रैलियों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री माणिक साहा और पार्टी अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने 10 रैलियों को संबोधित किया और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में घर-घर अभियान में भाग लिया।
भाजपा नेताओं ने रैलियों में विकास और शांति की बात कही। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि उसका देश को धोखा देने का इतिहास रहा है और वह एक बार फिर भाकपा के साथ वंचित लोगों को मूर्ख बना रही है।
आदित्यनाथ ने आरोप लगाया, “आपको मालूम ही है कि कांग्रेस ने कई वर्षों तक देश पर शासन किया है लेकिन उनकी विकास योजनाओं ने कभी किसी गांव को नहीं छुआ। कांग्रेस हमेशा आपके निष्पक्ष और विश्वास के साथ खिलवाड़ करेगी। कांग्रेस ने भगवान राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाया है। ”
दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को एक रैली की।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को दक्षिण त्रिपुरा और खोवाई जिले में दो बड़ी रैलियों को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने शहर में एक रोड शो किया तथा सोमवार रात से पहले मंगलवार सुबह तक रैलियों के साथ कई बैठकें की।
शाह अगले हफ्ते फिर उत्तर त्रिपुरा और धलाई में रैलियां करने करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी शनिवार और सोमवार को त्रिपुरा में प्रचार करने का कार्यक्रम है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के शीर्ष नेता सीताराम येचुरी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सहित कई अन्य अगले सप्ताह त्रिपुरा में रैलियां करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *