गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अरुणाचल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी

ईटानगर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और प्रदेश अध्यक्ष बियूराम वाहगे के साथ बुधवार को यहां राज्य विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र (घोषणापत्र) जारी किया। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं असम के मंत्री अशोक सिंघल भी मौजूद थे।
श्री नड्डा ने विकसित अरुणाचल प्रदेश के लिए घोषणापत्र का अनावरण करते हुए कहा, “यह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं है, यह एक बहुत अच्छी तरह से विचार-विमर्श के बाद बनाया गया दस्तावेज है, जिसमें उन सभी चीजों के बारे में विस्तार से बताया गया है, जो हम अगले पांच वर्षों में अरुणाचल प्रदेश को एक विकसित राज्य बनाने के लिए करने जा रहे हैं।”
उन्होंने श्री खांडू के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “मुझे यह कहते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि अरुणाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में तथा प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी के मार्गदर्शन और समर्थन में पिछले पांच वर्षों में बहुत सकारात्मक बदलाव आया है।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्वोत्तर से तुलना करते हुए कहा, “ श्री मोदी के सत्ता में आने से पहले, पूर्वोत्तर एक अलग भूमि थी, जो बंद संस्कृति, नाकाबंदी, उग्रवाद, अपहरण, लक्षित हत्या और लक्षित हमलों से त्रस्त थी – हम पूर्वोत्तर के बारे में यही जानते थे। आज एक बड़ा बदलाव आया है और अब यह विकास एवं प्रगति के लिए जाना जाता है, आम आदमी की आकांक्षाओं को कैसे पूरा किया जाए, इस पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले ‘उपेक्षित’ रहे पूर्वोत्तर में उग्रवाद में 80 प्रतिशत की कमी देखी गयी है, और सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) के तहत आने वाले क्षेत्रों को घटाकर 66 प्रतिशत कर दिया गया है।
यह घोषणा करते हुए कि भाजपा इस घोषणापत्र को अक्षरश: लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, श्री नड्डा ने कहा, “घोषणापत्र प्रधानमंत्री के अष्ट लक्ष्मी के दृष्टिकोण – शांति, आत्मनिर्भरता के लिए बिजली उत्पादन, अरुणाचल को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल बनाने , 5जी कनेक्टिविटी, प्राकृतिक खेती, खेल और राज्य की क्षमता को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करते हुए तैयार किया गया है। हमारा लक्ष्य शांति, समृद्धि और प्रगति है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *