गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा के तीन दिवसीय शक्ति सम्मेलन कल से

भोपाल : मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई कल से तीन दिवसीय शक्ति सम्मेलन आयोजित करेगी, जिसमें प्रदेश के हर पार्टी मंडल पर कार्यकर्ता विजय का संकल्प लेंगे। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि पार्टी का बूथ कार्यकर्ता पार्टी की मूल ताकत है। इसी के चलते पार्टी ने बूथ विस्तारक और बूथ सशक्तिकरण तक का अभियान चलाया। सभी 64 हजार 530 बूथों का डिजिटलाइजेशन किया गया। 12 हजार शक्ति केंद्र सशक्त बनाए। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए भाजपा कल से तीन दिवसीय शक्ति सम्मेलन आयोजित कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के एक शक्ति केंद्र पर लगभग छह बूथ आते हैं। इन शक्ति सम्मेलनों में सभी बूथों के कार्यकर्ता उपस्थित रह कर बूथ विजय के संकल्प को पूरा करने की तैयारी करेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि कल दोपहर 12 बजे से प्रदेश के सभी मंडलों मेंं शुरु होने वाले इन सम्मेलनों में प्रदेश का पूरा नेतृत्व मौजूद रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी भी 17, 18 और 19 तारीख को होने वाले सम्मेलनों में सहभागिता करेंगे।

इस दौरान कार्यकर्ता बूथ विजय का संकल्प लेंगे। भाजपा के प्रदेश में एक हजार 93 मंडल हैं, ये सम्मेलन सभी में होंगे। उन्होंने कहा कि हर सम्मेलन में छह बूथों के अधिकारी आएंगे। उन्हें पार्टी की ओर से संपदा (सम्मान, पहचान और दायित्व) कार्ड दिया जाएगा। ये बूथ विजय की रणनीतिक तैयारी है। हर बूथ पर 51 फीसदी वोट शेयर कैसे आए, ये विचार इस दौरान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *