गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कर्नाटक में प्रतिशोध में महाराष्ट्र के वाहन पर फेंकी काली स्याही

बेलगाम : महाराष्ट्र में कर्नाटक की बसों पर पथराव की घटना के प्रतिशोध में कर्नाटक रक्षा मंच (टीए नारायण गौड़ा गुट) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर में महाराष्ट्र के एक वाहन पर काली स्याही फेंकी। मंच के कार्यकर्ताओं ने यहां महंथेश नगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर विरोध जताया और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा निकाला। इस बीच उसी हाईवे पर जा रही एक महाराष्ट्र के वाहन को रोक कर उस पर काली स्याही फेंकी और उसका शीशा तोड़ने की कोशिश की गयी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान आपस में धक्का-मुक्की भी हुई। मंच के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे ‘हम महाराष्ट्र में कन्नडिगों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’ ‘हमारे धैर्य का दुरुपयोग मत करो। अगर हम फटे तो महाराष्ट्र सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।’ प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि महाराष्ट्र में हमारी बसों पर पेंट करने और पथराव करने वाले उपद्रवियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के पुतलाें को भी फूंका और आक्रोश व्यक्त किया।
मंच के जिला इकाई के अध्यक्ष दीपका गुडगानट्टी ने कहा,“महाराष्ट्र ने सीमा विवाद को लेकर उच्चतम न्यायालय में मामला दायर किया है। इस बीच वहां के जनप्रतिनिधि राजनीति से प्रेरित बयान देकर सीमा पर कानून व्यवस्था को खतरे में डालने की कोशिश कर रहे हैं। जो लोग सीमा पर भ्रम पैदा कर रहे हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।”
प्रदर्शन व विरोध के चलते कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात ठप हो गया और वाहनों के चालकों को मशक्कत करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *