श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले से एक लड़की को मोबाइल फोन पर धमकी देने और जबरन वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चितलौरा रफियाबाद सोपोर निवासी ओवैस राशिद भट उर्फ जैदान के रूप में हुई है। पुलिस पोस्ट डेलिना को एक व्यक्ति से एक लिखित शिकायत मिली, जिसमें उसने कहा कि उसकी पुत्री को एक अज्ञात कॉलर लंबे समय से लगातार ब्लैकमेल और धमकी दे रहा था। पीड़ित के पिता ने कहा कि उसकी पुत्री आरोपी की धमकी के बाद से गंभीर रूप से परेशान है।
उसने दावा किया कि अज्ञात कॉलर ने उसकी पुत्री से अच्छे खासे पैसे वसूले थे और जब स्थिति खराब हो गई तो उसने अपने पिता को पूरी व्यथा सुनाई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बारामूला पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 387 (व्यक्ति को मौत या गंभीर चोट के डर में डालना, जबरन वसूली करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया और एक जांच शुरू की गई। पुलिस ने कहा, “कड़ी मशक्कत के बाद जबरन वसूली करने वाले आरोपी की पहचान ओवैस राशिद भट के रूप में हुई है, जिसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया और तुरंत हिरासत में ले लिया गया।” उन्होंने कहा कि जबरन वसूली के मामले में आगे की जांच जारी है।
ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली का आरोपी गिरफ्तार
