भदोही : संवाददाता शहर से सटे नईबाजार के मुख्य बाजार गोला मंडी में पटाखा छोड़ने को लेकर दो पक्षों में सोमवार की देर रात जमकर विवाद हो गया। इस दौरान एक दूसरे पर पथराव के साथ धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया। जिसमें 25 वर्षीय जितेद्र सोनकर की मौत हो गई। जबकि दूसरे पक्ष का अधेड जिंदगी व मौत से जूझ रहा है। मामले की जानकारी के बाद मौके पर जवानों के साथ आला अफसर पहुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि बाजार में सोनकर पक्ष के लोग पुलिस चौकी नईबाजार के कुछ ही दूर पर गोला मंडी चौराहे के पास सोमवार की देर रात करीब दो बजे पटाखा फोड़ रहे थे। तेज आवाज होने के कारण दूसरे पक्ष के पप्पू मोदनवाल व अन्य लोगों ने मना किया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस बीच जितेंद्र सोनकर के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात ही जवानों ने पहुंच कर स्थिति को काबू पाया। घायलों को शहर के एमबीएस में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि पप्पू को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर।
उधर, दूसरे दिन मंगलवार को मोहल्ले में तनाव व्याप्त हो गया। मामला बढ़े न इसे लेकर जवानों के साथ आला अफसर मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर ली जा रही है। सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही थी।
पुलिस हिरासत में लिए गए कई
शहर से सटे नईबाजार गोला मंडी मोहल्ले में तनाव व्याप्त है। मोहल्ले को पुलिस छांवनी में तब्दील कर दिया गया है। किसी को भी वहां पर जाने नहीं दिया जा रहा है। युवक की मौत व दूसरे पक्ष के अधेड़ की हालत गंभीर होने के कारण आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने कईयों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों के लोगों से लगातार वार्ता का क्रम जारी है। मृत युवक फल बेचने का काम करता था। जबकि दूसरे पक्ष के लोग हलवाई का काम करते थे।
