गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एक मकान से एक परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद

उज्जैन : मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के एक मकान से आज पुलिस ने एक परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद किए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर के जानकी नगर के एक मकान में एक व्यक्ति फांसी पर लटकता मिला है और पत्नी और दो बच्चों की लाश जमीन पर मिली है। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
पुलिस के अनुसार मनोज राठौर मजदूरी करता था और वह जयसिंहपुरा क्षेत्र का मूल निवासी बताया जाता है और चार माह पहले जानकी नगर में परिवार के साथ किराये के मकान में रहने आया था। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे तक इसके घर के दरवाजे नहीं खुलने पर दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो कमरे में मनोज की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुयी थी।

वहीं नीचे उसकी पत्नी ममता, 14 वर्षीय बेटे लक्की और 06 साल की बेटी कनक की लाश पड़ी हुई थीं। महिला और दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों के परिवार को इसकी जानकारी दे दी है। बताया जाता है कि वह गुजरात में हैं। परिवार के लोग आने के बाद ही चारों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *