गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर घाटी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड

बर्फबारी के आसार

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट के बीच हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने यहां यह जानकारी दी। कश्मीर घाटी के अलग-अलग स्थानों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बर्फबारी हुई है। अधिकांश स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। मंगलवार शाम से 25 जनवरी तक घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी तथा जम्मू में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के कार्यालय ने बताया कि कहीं भी भारी हिमपात के आसार नहीं हैं।
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 3.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था। उत्तरी कश्मीर का गुलमर्ग कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था। दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था। पिछले 24 घंटों के दौरान सोमवार को सुबह 08:30 बजे तक 0.5 सेमी हिमपात और 1.7 मिमी बारिश भी हुई।
मौसम कार्यालय ने कहा कि कोकरनाग में तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया और सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में मंगलवार को शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *