सर्जिकल चाकू से रेता गला; लड़की के इग्नोर करने से नाराज था युवक
अमरावती : आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी ने लड़की का सर्जिकल चाकू से गला काट दिया। इसके बाद खुद भी आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे काबू में कर लिया। पुलिस ने बताया कि युवक लड़की के बात नहीं करने से नाराज था।
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती
लड़की की पहचान तपस्वी (20) के रूप में हुई है, जो डेंटल स्टूडेंट थी। वह दो साल पहले सोशल मीडिया पर आरोपी गनेश्वर (24) के संपर्क में आई थी। उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनके बीच मतभेद चल रहे थे। इसके बाद आरोपी ने लड़की से बात करना चाही, लेकिन लड़की मना करती रही।
आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत
कुछ महीने पहले, लड़की ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी, जिसके बाद लड़की को परेशान न करने के लिए लड़के की काउंसलिंग की गई। तपस्वी पिछले एक हफ्ते से गुंटूर के पास तक्केल्लापडू में अपनी सहेली के साथ रह रही थी। लड़की का पता जानने के बाद गनेश्वर सोमवार को वहां गया और लड़की से बात करने की कोशिश की। इस बीच दोनों में बहस हो गई। गुस्से में लड़के ने एक सर्जिकल चाकू निकाला और उसका गला काट दिया। इसे देख तपस्वी की दोस्त पड़ोसियों को बुलाने के लिए घर से बाहर भाग गई। गनेश्वर खून से लथपथ तपस्वी को घसीटकर बगल के कमरे में ले गया और स्थानीय लोगों के आने से पहले दरवाजा बंद कर लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
पड़ोसियों ने जैसा ही दरवाजा खोला तो उसने अपना हाथ काटने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद लड़की को गुंटूर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंध्र प्रदेश में प्रेमी ने डेंटल गर्लफ्रेंड की हत्या की
