दुमका : झारखंड में दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने घरेलू विवाद में अपने सगे बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मामले को लेकर भारतीय दंड विधान की धारा 302 के तहत हंसडीहा थाना में कांड संख्या 59/23 दर्ज कर लिया गया है। हत्या के आरोप में मृतक के छोटे भाई मुंशी टुडू को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र के ओलताड़ा गांव की है। मृतक की पत्नी तालको सोरेन ने सोमवार को हंसडीहा थाना पहुँच कर प्राथमिकी दर्ज कराई है। तालको ने अपने बयान में बताया है कि बीते छह अगस्त की शाम उसकी गोतनी संझली मुर्मू और उसके पति के बीच घरेलू बातों को लेकर कहां सुनी हो गई थी। इसी बीच उसका देवर मुंशी टुडू अपने घर पहुँचा। जहां उसकी गोतनी ने अपने पति को घर में हुए विवाद के संबंध में जानकारी दी। इस मामूली विवाद से बोखलाए मुंशी टुडू ने अपने सगे बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी।
घरेलू विवाद में भाई की हत्या
