पहले पीटा फिर गला रेत दिया; खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंचा
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नाबालिग लड़की के भाई ने अपनी बहन और उसके प्रेमी को पहले पीटा। फिर दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी भाई रविवार सुबह खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंचा।
वहां पुलिस को बताया कि मैंने अपनी बहन और उसके प्रेमी की हत्या कर दी है। शव नाले में पड़ा है। हाथ में खून से सना चाकू देखकर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। सूचना पर एसपी समेत कई थानों की फोर्स पहुंच गई। घटना कमालगंज के गांव राजेपुर सरायमेदा की है।
16 साल की लड़की, 25 साल का लड़का
गांव की 16 साल की लड़की का अफेयर पड़ोस में रहने वाले 25 साल के राम करन जाटव से था। शनिवार रात करीब 10 बजे से लड़की घर में नहीं थी। परिजनों का शक हुआ तो वह उसकी तलाश करने लग गए। आस-पास देखा, लेकिन वह नहीं मिली। प्रेमी राम करन भी घर पर नहीं था। लड़की का भाई नीतू और उसके परिजन दोनों की खोजबीन करने में जुट गए। इसके बाद आगे क्या हुआ, यह खुद आरोपी ने पुलिस को बताया।
2 बजे दोनों को पकड़ा, मारपीट के बाद गला रेत दिया
आरोपी भाई नीतू ने पुलिस को बताया, हम लोगों ने काफी देर तक तलाश की। करीब 2 बजे बहन और उसके प्रेमी राम करन को पकड़ लिया। पहले दोनों को पीटा। दोनों बेहोश हो गए तो उन्हें श्रृंगीरामपुर संयोगिता मार्ग पर लेकर पहुंचा। लगा कि दोनों अभी मरे नहीं हैं तो बेहोशी की हालत में ही दोनों का गला रेता और खंता नाले में फेंक दिया। आरोपी ने पुलिस से कहा कि आप मेरी खोजबीन करते उससे पहले ही मैं थाने पहुंच गया। सुबह 6 बजे पहुंचे आरोपी ने पुलिस को खुद घटना के बारे में बताते हुए जुर्म कबूल कर लिया।
7 किलोमीटर दूर ले जाकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, लड़की का काफी समय से राम करन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों को इसकी जानकारी थी। शुक्रवार रात लड़की घर से गायब हो गई। रात करीब 2: 30 बजे परिजन ने गांव के बाहर लड़की को उसके प्रेमी राम करन के साथ पकड़ लिया। दोनों को बाइक से करीब 7 किलोमीटर ले गए। फिर गला रेतकर मार डाला। खंता नाले की झाड़ियों में दोनों के शव फेंक दिए।
दोनों शवों को खुद कराया बरामद
रविवार सुबह लड़की का भाई नीतू थाने पहुंचा। उसने पुलिस को हत्या किए जाने की जानकारी दी। पुलिस भी हैरान रह गई। तुरंत उसे हिरासत में लेकर पुलिस घटनास्थल पहुंची। वहां नाले की झाड़ियों से दोनों शवों को बरामद कर लिया। सूचना मिलने पर एसपी अशोक कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
युवक का पिता बोला- जबरिया उठा ले गए बेटा
मृतक राम करन के पिता महावीर ने बताया, रात लगभग 2 बजे के करीब युवती के पिता भैया लाल व उसका बेटा मेरे बेटे को जबरिया घर से उठा ले गए। जिसकी सूचना सुबह 6 बजे मैंने ग्राम प्रधान को दी।
भाई ने की बहन और उसके प्रेमी की हत्या
