हैदराबाद : तेलंगाना में सत्तारुढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधान परिषद सदस्य कासिरेड्डी नारायण रेड्डी ने कांग्रेस में शामिल होने का इरादा व्यक्त करते हुए रविवार को पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया। नारायण रेड्डी ने आज सुबह अपने आवास पर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष , सांसद एन. रावेंथा रेड्डी, के साथ बैठक की और उसके बाद अपना औपचारिक त्याग पत्र जारी किया। उन्होंने अपने बयान में कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले को पार्टी की छह गारंटियों में उनके विश्वास का परिणाम बताया।
इन गारंटियों के बारे में उनका मानना है कि इससे वंचितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे। ऐसी अटकलें चल रही हैं कि वह कलवाकुर्थी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। एक अन्य घटनाक्रम में, नगरकुर्नूल जिला परिषद के उपाध्यक्ष बालाजी सिंह ने भी कांग्रेस के साथ जुड़ने के अपने इरादे की घोषणा करते हुए बीआरएस से नाता तोड़ लिया। इस बीच मेडक जिला कांग्रेस अध्यक्ष तिरूपति रेड्डी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
