गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली में नाबालिक लड़की की निर्मम हत्या

आरोपी युवक उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के बाहरी-उत्तरी जिले में 16 साल की एक लड़की की निर्मम हत्या के आरोपी युवक को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने सोमवार को बताया कि आरोपी मोहम्मद साहिल (20) को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह रेफ्रिजरेटर और ए सी का मैकेनिक है। उन्होंने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल दहला देने वाली यह घटना रविवार रात को शाहाबाद डेरी थाना क्षेत्र के जेजे कॉलोनी के बी. ब्लॉक में हुई थी।‌ बताया जाता है कि पीड़िता एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पहले से उसे जानने वाला साहिल ने उसे रोका और फिर उस पर किसी तेजधार हथियार से कई वार किए। फिर पत्थर मार कर सिर कुचल दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि पीड़िता साक्षी और साहिल के बीच दोस्ती थी लेकिन घटना से कुछ दिन पहले किसी वजह से दोनों के बीच कहासुनी के बाद बातचीत बंद हो गई थी। इस वजह से साहिल साक्षी से बेहद नाराज था। इस बीच रविवार को दोनों का अचानक आमना-सामना हुआ। आरोप है कि साहिल ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि साक्षी जेजे कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसके पिता मजदूरी करते हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में वायरल एक सीसीटीवी वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद तत्काल छह टीमें बनाई गईं। इस दौरान साहिल के बारे में पुलिस को बुलंदशहर में अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपे होने की सूचना मिली। इस आधार पर पुलिस ने वहां छापा मारा और गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *