कटनी : मध्यप्रदेश के कटनी जिले में हत्या व डकैती के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आज पुलिस व जिला प्रशाशन द्वारा सभी पांचों आरोपियों के घर के उन हिस्सों को जमींदोज कर दिया गया जो अवैध थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि में कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती आधारकाप में चार जुलाई की रात को शेयर ब्रोकर और डेयरी व्यापारी मनीष शर्मा के घर में घुसकर हत्या कर डकैती का अंजाम देने वाले पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक आरोपी अभी भी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने दस तोला सोना बरामद किया था।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने बताया था कि मनीष शर्मा के घर में घुसकर डकैती और चाकुओं से हमला करने वाले छह आरोपियों में से पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। एक तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपी निषाद गैग के हिस्सा हैं। 20 घंटे के अंदर ही एक आरोपी को पकड़ लिया था और बाकी चार बदमाशों को सात जुलाई को यूपी के चित्रकूट से हिरासत पर लिया गया है।
पकड़े गए आरोपियों में से रवि और आशीष निषाद ने मुख्य भूमिका निभाई। वहीं, वारदात में कुलदीप, सहिल और सचिन शामिल रहे। इन सभी की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच की है। डकैती में गए 25 तोले सोने में से दस तोला ही जब्त किया गया है। अभी एक आरोपी को पकड़ने के कोशिश जारी है।
