जींद : हरियाणा में जींद के गांगोली गांव में आज जमीन विवाद को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण दो पक्षों के बीच घमासान में गोलियां चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गये। पुलिस के अनुसार गांव गांगोली निवासी रामकिशन तथा सूरता परिवार के बीच जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। आज दोनों पक्ष भिड़ गये और तेज धारदार हथियारों के साथ गोलियां भी चलीं। इसमें गोली लगने से रामकिशन पक्ष के पालेराम (35) की मौत हो गई, जबकि बिजेंद्र, विकास, रामकुमार, बलराज, मंगल गोली लगने से घायल हो गए। पर रामकिशन परिवार के हमले से सूरता पक्ष का कुलबीर व उसका भाई ओमबीर घायल हो गए।
रामकिशन परिवार के घायल विकास ने आरोप लगाया कि वह परिवार के ही पालाराम के साथ पिल्लूखेडा मंडी से बाइक पर गांव लौट रहा था। गांव के मोड़ गांव के ही सेवानिवृत फौजी हाल फरीदाबाद सूरजकुंड में एसपीओ के पद पर तैनात कुलबीर व सुशील ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी बाजू तथा कान पर लगी। जबकि एक गोली पीछे बैठे पालाराम के सीने में जा धंसी, जिसमें पालाराम की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुलबीर तथा मंगल गांव में पहुंचे, जहां पर उन्होंने फिर से फायरिंग की, जिसमें रामकिशन परिवार के पांच और लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पिल्लूखेडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी तरफ सूरता पक्ष के घायल ओमबीर ने आरोप लगाया कि वह अपने भाई कुलबीर के साथ बाइक पर सवार होकर खेत से घर लौट रहा था तो रास्ते में रामकिशन परिवार के लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उसके भाई कुलबीर को भी चोटें आईं, जिसके बाद कुलबीर जान बचाकर वहां से भाग निकला। पिल्लूखेडा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश है और पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
पुराने ज़मीन विवाद में चली गोलियां, एक की मौत
