गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दबंगों ने की जन सेवा केंद्र पर फायरिंग, दहशत

फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना रसूलपुर क्षेत्र में सोमवार को दबंगों ने जन सेवा केंद्र पर जम कर फायरिंग की। गोली लगने से काउंटर का शीशा टूट गया। दहशत फैला कर फायरिंग करने वाले फरार हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एलानी नगर निवासी आशीष कुमार आसफाबाद चौराहे पर जन सेवा केंद्र चलाता है। वह सोमवार को अपने भाई के साथ दुकान पर बैठा था। उसी दौरान लालपुर निवासी रॉकी, प्रशांत तथा राजा अपने साथियों के साथ जन सेवा केंद्र पर पहुंचा। उन लोगों ने आशीष तथा उसके भाई के साथ मारपीट की। बाद में तमंचा से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दुकान का शीशा टूट गया। फायरिंग करने के बाद दबंग तमंचा लहराते हुए वहां से भाग गए।
दिनदहाड़े फायरिंग से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दुकानदारों में दहशत व्याप्त हो गई। बाद में पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। आशीष ने बताया हमलावर ने उससे रुपए उधार लिए थे। कई बार मांगने पर भी उन्होंने रुपए वापस नहीं किए। रुपए मांगने पर रविवार को भी विवाद हुआ था। आज सभी लोग प्लान बना कर मारने के उद्देश्य से आए थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। घटना की थाने में तहरीर दी गई है। सीओ सिटी कमलेश सिंह ने बताया उन लोगों के बीच रुपए के लेनदेन का विवाद है। दो टीमें बनाई गई हैं। शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *