राजगढ़ : मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे के समीप एक बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गयी। दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गयी और 52 यात्री घायल हो गए। घायलों में नौ को इंदौर, सात को शाजापुर और शेष घायलों को ब्यावरा और पिचोर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात्रि इंदौर से अशोकनगर जा रही बस राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे के पास ओवर ब्रिज की दीवार से टकराकर नीचे गिर गयी। घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि 9 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में 52 लोग घायल हुए हैं, जिनका प्राथमिक उपचार पचोर अस्पताल में कराया गया। दुर्घटना का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे के पास इंदौर से आ रही इस बस में यात्रियों में अधिकांश लोग गुना और अशोकनगर जिले के बताए जा रहे हैं। 41 लोगों का प्राथमिक उपचार पचोर के शासकीय अस्पताल में किया गया। मृतक में एक हरिओम कुशवाहा निवासी भटोली अशोकनगर (21) है, जबकि दूसरे मृतक के पास से भूपेंद्र यादव निवासी खनियांधाना का आधार कार्ड निकला है। बस में सवार लोगों में से 9 गंभीर घायलों को इंदौर, सात को शाजापुर और 10 को ब्यावरा भर्ती कराया गया है। घायलों में बच्चे, महिलाए भी शामिल हैं।
बस पुल से गिरी : दो की मौत, 52 घायल
