सिरसा : हरियाणा में सिरसा के गांव मौजगढ़ व मसीतां के बीच सोमवार की सुबह एक प्राइवेट स्कूल की बस चालक की कथित लापरवाही के कारण खेत में जा पलटी। बस पलटते ही बच्चों ने चीखपुकार की जिससे आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़े आए ओर बस के खिड़कियों के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। इस घटना में क रीब 15 बच्चों को चोट पहुंची है, जिन्हें नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया।
डबवाली सदर थाना पुलिस के अनुसार मंडी डबवाली के निजी शिक्षण संस्थान मैरीलेंड स्कूल की बस आज सुबह 8 बजे मौजगढ़ ढाणियों के बच्चों को लेकर कच्चे रास्ते से मसीतां की ओर जा रही थी। जैसे ही स्कूल बस कच्चे मार्ग पर उबड़-खाबड़ जगह में पहुंची तो मोबाइल फोन पर मशगूल चालक से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बच्चों की चीख पुकार सुनकर साथ के खेतों में काम कर रहे लोग भागे ओर आस-पास के गांवों में इसकी सूचना दी।
वहां मौजूद लोगों ने बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। इसी दौरान घटनास्थल पर अभिभावकों व ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। बिना किसी देरी के अभिभावक अपने-अपने बच्चों को लेकर अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े। वहीं,स्कूल संचालक पर लोगों ने आपत्ति जताते हुए अनाप-शनाप आरोप भी जड़े।
उधर,स्कूल प्रबधं कमेटी ने इस बात को स्वीकारा की ड्राइवर की लापरवाही के चलते ही यह घटना घटित हुई है। स्कूल के प्राचार्य गणेश आनंद ने बताया कि इक्का-दुक्का बच्चों को ही मामूली सी चोट आई है। जिन्हें प्राथमिक उपचार महुैया करवा दिया गया है।
