कोल्हापुर : महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच जारी सीमा विवाद के बीच दोनों राज्यों में निलंबन के 72 घंटे बाद बस सेवाएं शुक्रवार को बहाल कर दी गईं। गौरतलब है कि बसों के निलंबन के बाद कोल्हापुर से कर्नाटक के निपानी के लिए राज्य परिवहन की पहली बस शुक्रवार दोपहर यहां केंद्रीय बस स्टैंड (सीबीएस) से रवाना हुई। दरअसल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के एक विवादास्पद बयान के बाद दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद फिर से भड़क गया था, जिस कारण, महाराष्ट्र के वाहनों पर कर्नाटक के बेलगाम, हिरेबगवाड़ी टोल प्लाजा पर पथराव किया गया, जिसमें छह ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। इसलिए, दोनों राज्यों के बीच बस सेवाएं रोक दी गई थीं।
पुणे जाने वाली कर्नाटक राज्य की भी एक बस आज बेलगाम बस स्टैंड से रवाना हुई। कर्नाटक में निपानी, संकेश्वर और बेलगाम जाने वाली 660 से अधिक बस सेवाएं सीमा पर तनाव के कारण रद्द कर दी गई थीं, जिससे लाखों लोग प्रभावित हुए। वार्षिक रेणुका यात्रा के लिए पिछले रविवार को कोल्हापुर मंडल से सौदत्ती के लिए रवाना हुई राज्य परिवहन की बसें कर्नाटक द्वारा प्रदान की गई भारी पुलिस सुरक्षा के तहत कोल्हापुर जिले में सुरक्षित रूप से पहुंचाई गई थीं।
महाराष्ट्र, कर्नाटक के बीच बस सेवा बहाल
