बाराबंकी : लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में सोमवार को रोडवेज बस और मिनी ट्रक में टक्कर होने से दो यात्रियों की मौत हो गयी जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर ताला मोड़ के पास पिछले दिनों हुयी बारिश के चलते एक लेन धंस गई थी जिसके चलते रामसनेहीघाट कस्बे के नारायण ढाबे के पास से एक लेन पर रूट को डायवर्जन किया गया था।
रूट डायवर्जन के बाद से धंसे हुए लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर करीब एक हफ्ते से मरम्मत का कार्य चल रहा था। सोमवार को इसी रूट डायवर्जन के चलते अयोध्या की तरफ से आ रही एक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस और लखनऊ की तरफ से आ रही डीसीएम के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर से रोडवेज बस के ड्राइवर की साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रोडवेज बस पर सवार करीब 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दो अन्य की मौके पर ही मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि बाराबंकी में थाना रामसनेहीघाट में एक तरफ अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर एनएचआई का काम चलने की वजह से एक तरफ का रास्ता बंद है। एक ही तरफ से दोनों तरफ की ट्रैफिक चल रही है। इसी ट्रैक पर अयोध्या से जाने वाली एक बस की लखनऊ से आने वाली एक बड़े ट्रक से साइड की टक्कर हो गई। इसमें दो लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। जिनका रामसनेहीघाट सीएचसी में इलाज चल रहा है।
