गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गुजरात की 25 सीटों पर थम गया प्रचार का शोर

गांधीनगर : नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में सात मई को सभी 25 लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए प्रचार का शोर रविवार की शाम छह बजे थम गया।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कुलदीप आर्य ने बताया कि सूरत को छोड़कर गुजरात की 25 लोकसभा सीटों और पांच सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए सात मई को मतदान होगा। सूरत लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द होने से और अन्य पार्टियों तथा निर्दलीय मिलकर आठ उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वापस लेने के बाद इस सीट से भाजपा उम्मीदवार को 22 अप्रैल को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया था। सुचारू मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रणाली द्वारा विस्तृत व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा निर्वाचन व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जो लोग मतदान केन्द्र के मतदाता नहीं हैं तथा किसी भी पार्टी के राजनीतिक कार्यकर्ता, पार्टी प्रचारक आदि जो चुनाव प्रचार के उद्देश्य से बाहर से मतदान केन्द्र पर आये हैं, वे अब उस मतदान केन्द्र को छोड़ दें। आज शाम छह बजे से प्रचार थम गया है।
डॉ़ आर्य ने बताया कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोकसभा मतदाताओं को छोड़कर किसी भी बाहरी व्यक्ति को कल्याण मंडप, सामुदायिक भवन, सामुदायिक वाडी आदि, छात्रावासों और धर्मशालाओं के परिसर में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही लोकसभा क्षेत्र के चेकपोस्टों पर वाहनों की आवाजाही की भी जांच की जाएगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन प्रणाली मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को यादगार और सुखद अनुभव बनाने के लिए तैयार है। संभावित लू की स्थिति से निपटने के लिए चुनाव प्रणाली द्वारा आवश्यक कदम उठाए गए हैं। मतदान केंद्र पर पेयजल, कुर्सियां, छाया व्यवस्था और शिशु देखभाल केंद्र सहित सुविधाएं बनाई जाएंगी। सूरत लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द होने से और अन्य पार्टियों तथा निर्दलीय मिलकर आठ उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वापस लेने के बाद इस सीट से भाजपा उम्मीदवार को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया था।
कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है कि राज्य में कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो और मतदान प्रक्रिया बिना किसी तरह के प्रलोभन या डर के बिना शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। इसके अलावा सभी जिलों में ‘ड्राई-डे’ घोषित किया गया है। आखिरी 48 घंटों में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा। उक्त प्रकरण के पूर्ण क्रियान्वयन हेतु संबंधितों को सूचना दे दी गयी है।
ऑस्ट्रेलिया, फिजी, किर्गिज़ गणराज्य, मेडागास्कर, रूस के प्रतिनिधिमंडल पांच से आठ मई तक गुजरात राज्य का दौरा करेंगे और चुनाव प्रक्रिया से परिचित होंगे। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट की कमीशनिंग पूरी हो चुकी है। वॉटर सूचना पर्ची का वितरण भी पूरा कर लिया गया है। राज्य चुनाव आयोग पूरी मतदान प्रक्रिया को प्रत्येक मतदाता के लिए एक यादगार और सुखद अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा 15 दिनों तक सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसके क्रम में आज पूरे राज्य में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा ‘रन फॉर वोट’ का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों को मतदान करने के लिए मतदाता जागरूकता बैनर दिये गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने गांधीनगर के उद्योग भवन से महात्मा मंदिर तक आयोजित ‘रन फॉर वोट’ में हिस्सा लिया। उन्होंने सभी मतदाताओं को अपने-अपने जिले में आयोजित ‘रन फॉर वोट’ में भाग लेने और मतदान जागरूकता अभियान में सहयोगी बनने के लिए आमंत्रित भी किया था।
राज्य में सभी 25 लोकसभा सीटों और पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सात मई को मतदान होगा। मतगणना चार जून को और छह जून को चुनावी प्रक्रिया पूरी होगी। उल्लेखनीय है कि चुनाव में जीतने के लिए सभी दलों और प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंक दी है। बड़ी सभाओं के साथ रोड शो किए गए। हर गली में नेताओं के साथ कार्यकर्ता अपने-अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए डोर टू डोर लोगों से मिलते हुए देखे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *