कोटा : राजस्थान में कोटा शहर को प्लास्टिक कचरे से मुक्त कराने के लिए कोटा नगर निगम विशेष अभियान चलाएगा।
प्लास्टिक मुक्त कोटा के लिए नगर निगम कोटा दक्षिण विशेष अभियान चलाकर आम नागरिकों को जागरूक करेगा तथा व्यापारियों, टेंट व्यवसायियों को प्लास्टिक भण्डारण एवं उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अतिरिक्त आयुक्त अम्बालाल मीणा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में कोटा शहर को प्लास्टिक फ्री शहर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आवासीय क्षेत्रों में जागरूकता के लिए रैली, गोष्ठी एवं सफाई कर्मियों के माध्यम से घर-घर दस्तक दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा अब किसी भी समारोह में प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग नहीं किया जाएगा। नागरिकों को भी शादी, समारोह, विभिन्न आयोजनों में प्लास्टिक कप, कैरी बेग आदि का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
श्री मीणा ने बताया कि शहर में व्यापारियों, टेंट व्यवसायियों को प्लास्टिक सामग्री का भण्डारण तथा उपयोग नहीं करने के लिए समझाईश की जाएगी जिसके बाद कहीं भी अवहेलना पाए जाने पर टीम बनाकर नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
कोटा को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए चलेगा अभियान
