जींद : हरियाणा के जींद जिले में गांव भैरवखेड़ा के निकट नेशनल हाइवे 152डी पर संभवत: घने कोहरे के कारण आज एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक खड़े ट्रक को टक्कर मार दी इसमें ट्रक के पिछले हिस्से की जांच कर रहे क्लीनर की मौत हो गयी औैर पांच कार यात्री घायल हो गये।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में मारे गये युवक की शिनाख्त गांव खानपुर निवासी क्लीनर शेखर (18) के रूप में की गई है। दुर्घटना में कार सवार बरटाना (पजांब) निवासी नितिन बंसल, नितिन कपूर, ललित गर्ग, गांव दडवा (पंजाब) निवासी निकेश व अमन घायल हो गए। चिकित्सकों ने निकेश तथा अमन की हालात गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।
घायल नितिन बंसल ने बताया कि वे पांचों खाटू श्याम से दर्शन कर नेशनल हाइवे 152डी से वापस बरटाना (पंजाब) लौट रहे थे। सुबह कोहरा बहुत ज्यादा हो गया। गांव भैरवखेड़ा के निकट हाइवे पर खड़ा ट्रक कोहर के कारण दिखाई नहीं दिया। जिससे कार ट्रक के पीछे जा टकराई। सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि संभलने को मौका भी नहीं मिला।
ट्रक चालक लाभ सिंह ने बताया कि वह अजमेर (राजस्थान) से सामान से लदा ट्रक रिषीकेश ले जा रहे थे। ट्रक के पिछले हिस्से से कुछ आवाज आने के कारण उन्होंने ट्रक गांव भैरवखेड़ा के निकट सड़क के एक किनारेे रोका था और शेखर को जाकर देखने को कहा था।
पिछले दो दिनों से सुबह जबरदस्त कोहरा छा रहा है और दृश्यता पांच मीटर से भी कम हो रही है। कल भी गांव लिजवाना कलां के निकट नेेशनल हाइवे 152डी पर जयपुर से चंडीगढ़ जा रही बस समेत पांच वाहन भिड़ गए थे। जिसमें बस परिचालक सचिन की मौत हो गई थी। जबकि 14 लोग घायल हो गए थे। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि ट्रक चालक की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है व मामले की जांच जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन वाहन चालकों से अपील करता है कि कोहरे को देखते हुए हाइवे पर ड्राइव संभल कर करें। वाहन में दिक्कत आने पर उसे सेफ जोन में ले जाएं ओर इंडीकेटरो का प्रयोग करें। ओवरटेक की कोशिश ना करें।
खड़े ट्रक में कार ने मारी टक्कर : 1 की मौत, पांच घायल
