औरैया : उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के कस्बा दिबियापुर के बेला रोड पर शनिवार सुबह एक कार के बिजली के पोल से टकराने से उसमें सवार 11 यात्री घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को सहायल थाना के गांव पुराना पूर्वा से बारात फफूंद क्षेत्र के गांव बरुआ गई थी जिसमें शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद से भी रिश्तेदार आए थे। बारात में शामिल होने के बाद शनिवार सुबह सभी 11 लोग ईको कार में सवार होकर वापस फर्रुखाबाद जा रहे थे। उनकी कार दिबियापुर के बेला रोड पर पहुंची थी कि तभी चालक को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई।
तेज आवाज के साथ ही कार में चीख पुकार मच गई। लोगों ने दौड़कर सभी को बाहर निकाला। हादसे में रजनी (19) पुत्री देशराज, अनीता (42) पत्नी देशराज, प्रियंका (15) पुत्री देशराज के अलावा कीर्ति (23) पुत्री चंद्रमोहन, साधना (30) पत्नी नीरज, रीना देवी (32) पत्नी रामेंद्र, अंश (10) पुत्र रामेंद्र, नैतिक (8) पुत्र रामेंद्र, कनक (6) पुत्री रामेंद्र व दीक्षा (15) पुत्री हरीश घायल हो गए। एंबुलेंस से सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से रजनी, अनीता व प्रियंका को सैंफई रेफर कर दिया गया है।
बिजली पोल से टकराई कार, 11 घायल
