जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में जन्मदिन की पार्टी मना कर लौट रहे चार युवकों की कार डिवाइडर से टकरा गयी, जिससे उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गयी और दो घायल हो गए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) विकास कुमार ने बताया कि कल देर रात्रि शहीद पार्क के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। हादसा इतना भीषण था कि घटना स्थल पर ही दो युवकों की मौत हो गई जबकि 2 युवक घायल हो गए। यह पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को महारानी अस्पताल पहुंचाया।
सीएसपी ने बताया सभी युवक कुरंदी स्थित एक रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी मनाने गए हुए थे। घटना में राहुल पवार और विभोर गुप्ता की मौत हो गई जबकि सरफराज और रोहन घायल हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि कार के तेज रफ्तार में होने के कारण यह सड़क हादसा हुआ है।
कार डिवाइडर से टकरायी : दो की मौत, दो घायल
