गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कार खाई में गिरी : तीन की मौत, दो घायल

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 85 किलोमीटर देर रोहड़ू उपमण्डल के चिडग़ांव इलाके में एक कार के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात हुए हादसा चिडग़ांव के दूरदराज क्षेत्र खाबल में हुआ। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में खाबल पंचायत के पूर्व प्रधान और पूर्व उपप्रधान की हादसे में मौत हो गई। देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मृतकों व घायलों को खाई से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्गम इलाका होने की वजह से प्रशासन को राहत व बचाव कार्य करने में दिक्कतें आई। कार में सवार सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे।
पुलिस ने मृतकों की पहचान पूर्व प्रधान खाबल पृथ्वी राज (32), पूर्व उपप्रधान खाबल सत्य प्रकाश (41), व चालक अनिल (32) के तौर पर की है। घायलों में अवन्तिका (18) औऱ त्रिलोक (17) शामिल हैं। ये सभी खाबल के सौंदाडी गांव के निवासी हैं। ये लोग चिडग़ांव से अपने गांव लौट रहे थे कि इनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
रोहड़ू के पुलिस उपाधीक्षक रविन्द्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। वहीं, एक घायल को रोहड़ू से आइजीएमसी रैफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिये है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के निर्देश दिये। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *