कार जलकर खाक, सभी सवार गायब
कांकेर : छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के कांकेर-कोरर मार्ग पर एक कार पेड़ से टकरा गयी। टकराकर कार जलकर खाक हो गयी। कार में सवार किसी भी व्यक्ति का शव बरामद नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि कार में चार लोग सवार थे, जो रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए, जिनका आज शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि घटना कल रात्रि चारामा क्षेत्र के ग्राम चावड़ी की है। रात्रि में पुलिस को ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि एक कार पेड़ से टकराकर गई और भीषण आग लग गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गयी और कार में किसी का न तो शव मिला और न ही उनका कंकाल बरामद किया गया।
आज जब पड़ताल शुरू हुई तो जानकारी मिली कि कार पखांजुर के रहने वाले एक दंपति की है, जो रायपुर से पखांजुर अपने घर वापस लौटने के लिए निकले थे, जिनकी कार चारामा के चवाडी के पास जलते हुए पाई गई है, लेकिन कार में सवार परिवार के चार सदस्य समीर सिकदार, पत्नी जया और दो बच्चे गायब थे। जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। सुबह पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी खोजबीन की तो कार से मानव शरीर के कोई अवशेष नहीं मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा का कहना है कि आसपास के अस्पताल और ग्रामीण इलाकों में भी पता किया जा रहा है। कार में किसी के भी जलने के अंश नहीं मिले है। लापता लोगों का अंतिम लोकेशन घटना स्थल का बता रहा है। कार सवार लोगों का मोबाइल भी कार में जला हुआ मिला है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
