आचार संहिता उलंघन में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने दी थी तहरीर, डीएम और एसपी ने लिया पोलिग बूथ का जायजा
देवरिया। देवरिया जिले के नगर पालिका परिषद में वार्ड नंबर-23 राघव नगर पश्चिमी की निर्दल सभासद प्रत्याशी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ. दिग्विजय की तहरीर पर की गई है।वहीं डीएम और एसपी पोलिग बूथ पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। देवरिया नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-23 राघव नगर पश्चिमी के मतदान केंद्र-45 के बूथ संख्या-132 परिसर के बाहर दीवार पर निर्दल प्रत्याशी ममता यादव पत्नी आलोक यादव के चुनाव चिह्न आम का पोस्टर गुरुवार की सुबह चिपका मिला। जबकि बुधवार की रात में यह पोस्टर नहीं था। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद देवरिया के सेक्टर मजिस्ट्रेट-7 डॉ. दिग्विजय ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।
बिहार बार्डर क्षेत्रों को किया गया सील
निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने बार्डर क्षेत्रों में चौकसी भी बढ़ा दी गई है। पथरदेवा और बरियारपुर क्षेत्र में कई बाजार और गांव यूपी-बिहार की सीमा को जोड़ते हैं। वहीं बनकटा, भाटपार रानी, खामपार, श्रीरामपुर, भटनी, लार थाना क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों की तादाद में लोगों का एक राज्य से दूसरे राज्य में आना-जाना होता है। नगर पंचायत चुनाव को देखते हुए बघौचघाट, बरियारपुर, बनकटा, भाटपार रानी, भटनी, लार श्रीरामपुर, भवानी छापर, प्रतापपुर, पकहां, सबयां मोड़, विशुपुरा बाजार व करौदी सीमाओं पर बैरीकेडिंग कर सील कर दिया गया है। पुलिस के जवान 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। सदर कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट की तहरीर पर आचार संहिता के उलंघन के मामले में ममता यादव के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
देवरिया में सभासद के निर्दल प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
