अगरतला : त्रिपुरा के गोमती जिले में कार्यरत एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की पत्नी ने उन पर पैसों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोपी एएसपी उत्तम बानिक की पत्नी सुपर्णा दास ने सोमवार को पश्चिम अगरतला महिला थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शिकायत प्राप्त होने तुरंत बाद, पुलिस महानिदेशक अमिताभ रंजन ने बानिक को वहां से स्थानांतरित कर अगरतला पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया।
महिला पुलिस थाने की प्रभारी अधिकारी ने कहा कि कानूनी प्रावधानों के अनुसार आरोपों की जांच की जा रही है। दास ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी मार्च 2012 में श्री बानिक से हुई थी, जो उस समय डीएसपी थे। शादी के तीन महीने बाद से ही बानिक और उसकी मां ने उन्हें पैसे के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
दास ने कहा कि उनसे कार की किस्त देने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई जो उनकी मां ने उत्तम की मां को दे दी लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ, बल्कि और बिगड़ गया। लेकिन उन्होंने किसी अन्य के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने से परहेज किया क्योंकि यह एक पारिवारिक मामला था और उन्होंने इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन यह निरर्थक साबित हुआ।
बानिक ने 2021 में एक भूखंड खरीदा और घर बनाने के लिए सुश्री दास से फिर से पैसे की मांग की। शिकायत के अनुसार, जब दास ने अपनी मां से पैसे मांगने से मना कर दिया, तो उनके साथ फिर से दुर्व्यवहार किया गया, शारीरिक यातनाएं दी गई और पैसे कमाने के लिए देह व्यापार में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया, “मुझे अपने पति की फोन में अन्य लड़कियों के साथ अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले। जब मैंने उनसे पुछा तो उसने धमकियों का सहारा लिया और मुझे चेतावनी दी कि वह मेरी प्रतिष्ठा को धूमिल कर देगा और मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ पुलिस बल का उपयोग करेगा। यह यातना बाद में बहुत ज्यादा बढ़ गई। मेरे फोन कॉल्स पर भी नजर रखी जा रही है और अब मेरी जान खतरे में है।”
