गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

टैंकर पलटने के बाद आग लगने के मामले

एक और प्रभावित की मृत्यु

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र के अंजन गांव के समीप ईंधन से भरे टैंकर के पलटने के बाद उसमें लगी आग से प्रभावित एक अन्य महिला की आज मृत्यु हो गयी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार एमवाई अस्पताल इंदौर में इलाज के लिए भर्ती 28 वर्षीय मीरा चौहान की सुबह मृत्यु हो गई। कल घटना के दौरान वह अपने ससुराल झगड़ी से अपने मायके अंजनगांव आई थी। उसके दो बच्चे हैं।
इस घटना में 18 वर्षीय रागू बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी जबकि उसके छोटे भाई राहुल को खरगोन स्थित जिला अस्पताल में तथा छोटी बहन सपना को 80 प्रतिशत जली हालत में इंदौर में भर्ती कराया गया है। इस घटना में घायल 6 लोगों का जिला अस्पताल खरगोन तथा 16 लोगों का एमवाई अस्पताल इमदौर की बर्न यूनिट में इलाज चल रहा है।
खरगोन के विधायक रवि जोशी ने आरोप लगाया है कि उस मार्ग पर पेट्रोल पंप नहीं होने के बावजूद टैंकर के परिवहन से प्रतीत होता है कि अवैध रूप से इंधन का परिवहन, नकली या चोरी के ईंधन का काम चल रहा है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और प्रभावितों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग भी की। आज जारी शासकीय विज्ञप्ति के अनुसार जिला कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से मृतक के वैध वारिस को दो लाख रुपए, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपए और सामान्य घायल को 25 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उधर, इंदौर स्थित बीपीसीएल के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक टैंकर लॉरी को अनुशरण करने के लिए एक पूर्व निर्धारित मार्ग होता है और एक वाहन ट्रैकिंग प्रणाली के माध्यम से उनकी गतिविधियों की कड़ाई से निगरानी की जाती है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता से युक्त होती है। उन्होंने बताया कि किसी भी मार्ग के विचलन या अधिक गति को स्वचालित रूप से चिह्नित किया जाता है और दोषी ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में एक उच्च स्तरीय समिति जांच कर रही है और कल दोपहर तक जांच रिपोर्ट खरगोन के जिला कलेक्टर को सौंप दी जाएगी। कल सुबह अंजन गांव के समीप पेट्रोल और डीजल ले जा रहा टैंकर एक मोड़ के समीप असंतुलित होकर पलट गया था। उक्त घटनास्थल के पास हैंडपंप से पानी भर रहे ग्रामीणों में बर्तनों को डीजल और पेट्रोल से भरने की होड़ लग गई थी। इसी दौरान किसी कारणवश ईंधन में आग लग गई और उसकी चपेट में 24 लोग आ गए जिसमें से दो की मृत्यु हो चुकी है। पुलिस में टैंकर चालक को कल ही गिरफ्तार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *