श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस ने पिछले पांच महीनों में विभिन्न कानूनों के अंतर्गत 217 मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया और सात करोड़ 70 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर और हेरोइन सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद किये हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि पिछले पांच महीनों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के अंतर्गत बारामूला जिले में 217 मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा और 25 वांछित तस्करों समेत 194 के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जबकि 23 आदतन तस्करों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एवं जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब भी 144 मामले दर्ज हैं। प्रतिबंधित मादक पदार्थों के बारे में पुलिस ने कहा कि उन्होंने 2.625 किलोग्राम ब्राउन शुगर जिसकी बाजार में कीमत 3.41 करोड़ रुपये, 2.419 किलोग्राम हेरोइन जिसकी कीमत 3.14 करोड़ रुपये, 8.024 किलोग्राम चरस जिसकी कीमत 36.10 लाख रुपये, पॉपी स्ट्रॉ/ गांजा पाउडर 69.82 किलोग्राम, जिसकी कीमत 34.91 लाख रुपये है ,बरामद किया। पुलिस ने जिले में पिछले पांच महीनों मादक पदार्थों का परिवहन करने में उपयोग किए गए 15 वाहनों को जब्त किया इसके अलावा 43.90 लाख रुपये नकद भी बरामद किया।
