भोपाल : भोपाल के टीटीनगर थाना क्षेत्र में प्रलोभन के जरिए कथित धर्मांतरण के प्रयास के सिलसिले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामला जांच में ले लिया है। टीटीनगर थाना पुलिस के अनुसार शिवनगर क्षेत्र की एक झुग्गी में एक परिवार के द्वारा कुछ लोगों को प्रलोभन के जरिए ईसाई धर्म अपनाने की कोशिश कराने के सिलसिले में आज प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आकाश प्रजापति नाम के व्यक्ति की शिकायत पर बाला साहब उर्फ पीटर, अमन बाबले और दिलीप मैहर के विरुद्ध धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अलावा भारतीय दंड विधान की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि एक झुग्गी में बाला साहब उर्फ पीटर कुछ लोगों को प्रलोभन के जरिए ईसाई बनाने की कोशिश कर रहा था। झुग्गी मे बच्चे और अन्य लोग मौजूद थे। इस बीच दिन में कुछ लोग धर्मांतरण की कोशिश की सूचना के बाद शिवनगर पहुंचे थे और प्रदर्शन किया था।
दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने यहां मीडिया से कहा कि भोपाल में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। इसमें राज्य की भाजपा सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। इसके पहले राज्य के दमोह और जबलपुर में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं। सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कथित धर्मांतरण के सिलसिले में प्रकरण दर्ज
