गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कोविड नियमों के उल्लंघन के लिए दर्ज मामले वापस

शिमला : हिमाचल प्रदेश की सरकार ने गुरुवार को कोविड नियमों का उल्लंघन करने में दर्ज मामलों को वापस लेने का फैसला किया है। सरकार के प्रवक्ता ने यहां एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उदारता दिखाते हुए महामारी के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किए गए मामलों में वापस लेने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि कोविड मानदंडों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लिए जा रहे हैं। प्रवक्ता ने कहा कि यह निर्णय लोगों के साथ सहानुभूति के रूप में लिया गया है क्योंकि जब पूरी दुनिया लॉकडाउन के दौरान कठिन दौर से गुजर रही थी, तब कई लोग ऐसे भी थे जो अपना पेट पालने, दवाओं-आवश्यक वस्तुओं की खरीद करने, अपने प्रियजनों को महामारी से बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। कई ऐसे लोग भी थे, जो बेघर थे और सड़कों पर रात गुजार रहे थे, मदद की उम्मीद कर रहे थे और अपने परिवारों के लिए भोजन की तलाश कर रहे थे। उनके पास कोविड प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के अलावा कोई विकल्प मौजूद नहीं था।
उन्होंने कहा कि इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए, कोविड मानदंडों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामलों को वापस लेने का निर्णय लेकर सुक्खू सरकार ने परोपकार का एक और संकेत दिया है। गौरतलब है कि पिछली सरकार ने मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और चालान किया था, जिसमें आधा दर्जन पत्रकार भी शामिल थे, जिन पर आईटी अधिनियम के अंतर्गत और कथित रूप से कानूनों का उल्लंघन करने के लिए मामला दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *