नई दिल्ली : भारत से काजू का निर्यात पड़ोसी बंगलादेश को भी शुरू हो गया है। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में दी। वाणिज्य मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा है कि 23 नवंबर को राष्ट्रीय काजू दिवस पर बंगलादेश के साथ कतर, मलेशिया और अमेरिका के लिए अपने काजू की खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विज्ञप्ति के अनुसार बंगलादेश को ओडिशा से काजू की पहली खेप प्राप्त हो रही है।
काजू का निर्यात वाणिज्य मंत्रालय की एजेंसी कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद विकास प्राधिकरण (एपीडा) के माध्यम से प्रदान की गयी निर्यात सुविधाओं के तहत किया गया। मंत्रालय ने कहा है कि इस काम में एपीडा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बांग्लादेश को पहली बार भारत से काजू भेजा गया है। आयवरी कॉस्ट के बाद भारत काजू का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है।
काजू के निर्यात बाजार में भारत की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से अधिक है। इसके बाद निर्यात में वियतनाम का स्थान है। विदेशी बाजारों में भारतीय काजू सबसे ज्यादा संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, जापान और सऊदी अरब में बिकता है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु काजू के प्रमुख उत्पादक राज्य हैं। एपीडा काजू निर्यात के लिए नए बाजार तलाश रहा है।
