गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पशु तस्करी मामलाः ईडी ने मंडल को हिरासत में लिया

आसनसोल : पश्चिम बंगाल की सीमाओं पर कथित मवेशी तस्करी घोटाले में धन के लेन-देन की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल को आसनसोल सुधार गृह में घंटों पूछताछ के बाद गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी अधिकारियों की एक टीम जेल पहुंची और तृणमूल के बीरभूम जिला अध्यक्ष मंडल से लगभग पांच घंटे तक पूछताछ की। ईडी ने हाल ही में पशु तस्करी मामले में मंडल की पुत्री सुकन्या मंडल से दिल्ली कार्यालय में पूछताछ की थी।
श्रीमती सुकन्या मंडल एक शिक्षका हैं और उन्होंने कथित तौर पर संपत्ति अर्जित की, जिसके बारे में ईडी आय के स्रोत जानना चाहती थी। उन्होंने हालाँकि कथित तौर पर ईडी को बताया कि उनके पिता मंडल तथा उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट इसके बारे में जानते हैं। इसके लिए ईडी ने गुरुवार को पहली बार मंडल से जेल के अंदर पांच घंटे तक पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ईडी मंडल को शुक्रवार को यहां विशेष अदालत में पेश करेगी और उनकी हिरासत की मांग कर सकती है तथा आगे की पूछताछ के लिए उन्हें दिल्ली कार्यालय ले जा सकती है। उल्लेखनीय है कि तस्करी के मामले में गत 11 अगस्त को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंडल को बीरभूम स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से मंडल न्यायिक हिरासत में है। इस मामले की जांच कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश के तहत की जा रही है। कई गिरफ्तार व्यक्तियों ने मवेशी तस्करी घोटाला मामले में मंडल का नाम लिया था। इस मामले में गिरफ्तार मंडल का सुरक्षाकर्मी सैगसल हुसैन अब दिल्ली में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *